सड़क पार करते युवक-युवती को ट्रॉले ने कुचला, युवती की मौत


संवाद सहयोगी, राई : नेशनल हाईवे पर बहालगढ़ फ्लाईओवर के पास सड़क पार करते एक लड़की और एक युवक को तेज रफ्तार ट्रॉले ने कुचल दिया। लड़की की मौके पर ही मौत हो गई और युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को नागरिक अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। पुलिस ने लड़की मां की शिकायत पर मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। ट्रॉला चालक वाहन को छोड़कर मौके से फरार हो गया।


उत्तरप्रदेश के सीतापुर के लधौरा निवासी 19 वर्षीय जीनि बहालगढ़ में किराए के मकान में रहती थी। वह फैक्ट्री में काम करती थी। बृहस्पतिवार सुबह 9 बजे जीनि हरदोई जिले के रहने वाले रोहित के साथ पैदल ही ड्यूटी पर जा रही थी। सड़क पार करते समय पानीपत की ओर से तेज गति से आ रहे रेत से भरे ट्रॉले ने दोनों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद जीनि ट्रॉले के पीछे वाले टायरों के बीच में फंस गई। ट्रॉला उसे सौ मीटर दूर तक घसीटते हुए ले गया। हादसे में उसके शरीर के चिथड़े उड़ गए। जीनि की मौके पर मौत हो गई। वहीं रोहित गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को पुलिस ने सोनीपत के नागरिक अस्पताल में करवाया। जीनि के शव पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने लड़की की मां की शिकायत पर ट्रॉला चालक के खिलाफ मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है। शादी के लिए पैसे एकत्र कर रहे थे घरवाले जीनि की मां रोहिनी पाल ने बताया कि उनकी आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं है, इसलिए उन्होंने अपने साथ जीनि पाल को भी नौकरी पर लगवाया था। वह बहालगढ़ के पंखे बनाने वाली कंपनी त्रिमूर्ति बालाजी में नौकरी करती थी। पुलिस ने ट्रॉला चालक के खिलाफ मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है। लड़की के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।


- अनिल कुमार, बहालगढ़ चौकी प्रभारी


Posted By: Jagran